Loading...

पुलिस के फंदे में ‘बुलबुल’, नशे के सौदागर पर बड़ा वार

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 21 Mar 2026 • 1 Min Read

Himachalnow / नाहन

लोहे की सलाखों के पीछे पहुंचा तस्कर, पीआईटी एनडीपीएस अधिनियम में किया गया निरुद्

नशे के खिलाफ सख्त अभियान चला रही सिरमौर पुलिस ने एक बार फिर बड़ा वार करते हुए अंतरराज्यीय तस्कर महमूद अली उर्फ ‘बुलबुल’ को अपने जाल में फंसा लिया। इससे पहले कि ‘बुलबुल’ दाना चुग कर उड़ पाता, पुलिस ने ऐसा जाल फेंका कि उसे फड़फड़ाने का भी मौका नहीं मिला और अब वह लोहे की सलाखों के पीछे पहुंच चुका है।

सिरमौर/नाहन

अंतरराज्यीय तस्कर पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

विशेष कार्य बल और जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को पीआईटी एनडीपीएस अधिनियम के तहत निरुद्ध कर आदर्श केंद्रीय कारागार नाहन भेज दिया गया है। उसे 18 मार्च की शाम पांवटा साहिब के बातामंडी क्षेत्र से हिरासत में लिया गया।

यह कार्रवाई संयुक्त अभियान के तहत की गई, जिसमें विशेष कार्य बल और थाना पांवटा साहिब की टीम ने मिलकर ऑपरेशन को अंजाम दिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया, जहां वह आगामी आदेशों तक निरुद्ध रहेगा।

पुलिस जांच में सामने आया है कि महमूद अली अंतरराज्यीय स्तर पर नशा तस्करी में संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ राजस्थान और हरियाणा में भी बड़े मामले दर्ज हैं। चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) में दर्ज मामले में उसके कब्जे से 1042.850 किलोग्राम चूरा पोस्त बरामद किया गया था, जबकि हरियाणा के जींद जिले में 2.563 किलोग्राम अफीम बरामदगी का मामला सामने आया है।

सिरमौर पुलिस का कहना है कि नशे के सौदागरों की कमर तोड़ने का अभियान लगातार जारी है और ऐसे तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि यह कार्रवाई प्रदेश सरकार के गृह विभाग के निर्देशों के तहत की गई है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में आम जनता का सहयोग भी बेहद जरूरी है और सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है।