पुलिस ने चरस सहित गिरफ्तार किए दो व्यक्ति, एक महिला
HNN/मंडी
जिला मंडी के उपमंडल पधर के तहत आने वाली पुलिस चौकी घट्टा चौंतड़ा की टीम ने चरस सहित दो व्यक्ति और एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान सुनील कुमार निवासी पालमपुर जिला कांगड़ा और प्रदीप कुमार निवासी पालमपुर जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। आरोपी महिला की पहचान राम प्यारी नगरोटा बगवां जिला कांगड़ा के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस चौकी घट्टा चौंतड़ा की टीम ने घट्टा चौंतड़ा में नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान जोगिंदरनगर से बैजनाथ की ओर आ रही ऑल्टो कार को तलाशी के लिए रोका गया। गाड़ी को रोकने पर गाड़ी में सवार तीनों घबरा गए। जिसके बाद शक के आधार पर गाड़ी की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान पुलिस को गाड़ी के डैशबोर्ड से 414 ग्राम चरस बरामद हुई। जिसके बाद तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। मामले की पुष्टि डीएसपी पधर संजीव सूद द्वारा की गई है। उन्होंने बताया कि आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।