Loading...

पुलिस ने हत्थे चढ़े आरोपी बाप-बेटे, शंभुवाला में जेसीबी ऑपरेटर की हत्या कर हुए थे फरार

PARUL • 12 Oct 2023 • 1 Min Read

HNN/नाहन

जिला सिरमौर में पुलिस ने शंभुवाला में जेसीबी ऑपरेटर की हत्या के आरोप में 48 घंटे के अंदर बाप-बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान 46 वर्षीय नरेश कुमार पुत्र बृजपाल सिंह निवासी गांव बसयाच, डाकघर एवं तहसील जौनसट, जिला मुज्जफरनगर (यूपी) और 20 वर्षीय बेटा ललित कुमार के रूप में हुई है। बता दें कि पुलिस ने दोनों आरोपियों को उत्तर प्रदेश के खतौली से गिरफ्तार किया है।

जानकारी के मुताबिक, बीते दिन मंगलवार को आरोपियों ने मदनलाल की रॉड से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे। जिसके बाद से ही पुलिस इस मामले की जांच कार रही थी। पुलिस ने मौके पर मृतक मदन लाल निवासी राजबन के शव का निरीक्षण किया तो उसके मुंह, गले व सिर पर चोटों के निशान मिले।

जिसके बाद पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर 11 अक्तूबर को आईपीसी की धारा 302 व 34 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया और तुरंत मामले की जांच शुरू कर दी। मामले की पुष्टि एसपी सिरमौर रमन कुमार मीणा द्वारा की गई है। उन्होंने बताया कि जिला सिरमौर की टीम ने गहनता से छानबीन करते हुए आरोपियों को उत्तर प्रदेश के खतौली से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

उन्होंने बताया कि आरोपी पिछले डेढ़ साल से ठेकेदार के पास काम कर रहे थे। आरोपियों ने इस हत्याकांड को किन कारणों से अंजाम दिया, इसको लेकर पुलिस मामले की जांच कर रही है। शुक्रवार को दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।