पुलिस ने हेरोइन सहित गिरफ्तार किया तस्कर, गुप्त सूचना के आधार पर की कार्यवाही
HNN/ सोलन
जिला सोलन पुलिस की एसआईयू टीम ने सपरून में एक युवक से नशे की खेप बरामद की है। आरोपी की पहचान उज्जवल निवासी कोटखाई जिला शिमला के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस की टीम सपरून में गश्त पर तैनात थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक युवक के पास नशे की खेप हो सकती है। सूचना के आधार पर पुलिस ने समरूप क्षेत्र में उज्जवल की तलाशी ली तो उसके कब्जे से 10.27 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
उधर, एसपी सोलन वीरेंद्र शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि एक युवक से नशे की खेप बरामद की गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। बताया कि आरोपी नशे की खेप कहां से लेकर आया था और इसकी सप्लाई कहां करने जा रहा था पुलिस इसकी गहनता से जांच पड़ताल में जुटी हुई है।