पुलिस ने हैरोइन तस्करी के मामले में चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया आरोपी
HNN/सोलन
जिला सोलन में पुलिस ने हैरोइन तस्करी के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अश्विनी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को चंडीगढ़ से काबू किया है।
बता दें कि 17 दिसम्बर को सोलन जिले की स्पैशल टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर परवाणू के भोजनगर एरिया में एक गाड़ी में सवार 4 आरोपियों से 10.24 ग्राम हैरोइन बरामद की थी। आरोपियों की पहचान विकास ठाकुर उर्फ खौला निवासी सोलन, देवेन्द्र बत्ता निवासी सोलन, आशुतोष अत्री निवासी सोलन व राजेश कुमार उर्फ बातो निवासी सोलन के रूप में हुई थी।
उनकी गाड़ी को भी जब्त कर लिया था। पुलिस ने जब आरोपियों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि वह यह हैरोइन चंडीगढ़ से अश्विनी नाम के व्यक्ति से 24000 रुपए में खरीदकर लाए थे। जिसके बाद सोलन पुलिस की टीम चंडीगढ़ गई और वहां से आरोपी अश्विनी को गिरफ्तार किया गया है।
एसपी गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि की है उन्होंने बताया कि इस मामले में पकड़े गए आरोपी पिछले करीब 8 वर्षों से हैरोइन तस्करी का कार्य कर रहे थे। उन्होंने बताया कि इन आरोपियों के खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज किए गए हैं।