HNN/शिमला
राजधानी शिमला में कैथू पुलिस लाइन में दो पुलिस कर्मियों को मारपीट करने पर निलंबित कर दिया गया है। बता दें कि प्रारंभिक जांच में दोनों कर्मियों को अनुशासनहीनता का दोषी पाया गया। जिसके बाद एसपी शिमला संजीव गांधी ने उन्हें निलंबित कर दिया गया है। बता दें कि साेमवार आधी रात करीब 12 बजे कैथू पुलिस लाइन में आरक्षी महावीर और कुक सुनील कुमार के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया।
देखते ही देखते झगड़ा इतना बढ़ गया कि दोनों कर्मी मारपीट पर उतर आए। इस दौरान एक पुलिस कर्मी के पैर में चोट लग गई और जबकि दूसरे के कान में चोट आई। जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए आईजीएमसी लाया गया। जहां पर पैर में चोट लगने के कारण उसे प्लास्टर चढ़ाना पड़ा, जबकि दूसरे पुलिस कर्मी के कान में चोट लगने के कारण दवाइयां देकर डॉक्टरों ने छुट्टी दे दी।
तो वहीं अब इस पूरे मामले में आरोप लग रहे हैं कि हुड़दंग करने वाले और मैस में मारपीट करने वाले दोनों पुलिस कर्मियों ने शराब पी रखी थी। हालांकि, दोनों पुलिस कर्मियों का मेडिकल करवाया गया है, लेकिन इसकी रिपोर्ट को सार्वजनिक नहीं किया गया है। बता दें कि पुलिस थाना बालूगंज में मारपीट को लेकर केस दर्ज किया गया है।

