पैर फिसलकर खाई में गिरने से व्यक्ति की हुई मौत
HNN/चंबा
जिला चंबा के दरकेटी गांव में एक व्यक्ति की पैर फिसलकर खाई में गिरने से मौत हो गई है। मृतक की पहचान दलीप कुमार निवासी दरकेटी डाकघर भरिया कोठी तहसील और जिला चंबा के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दलीप कुमार मेहनत-मजदूरी का काम करता था।
रोजाना की तरह वह काम खत्म कर घर लौट रहा था कि इसी दौरान रास्ते में उसका पैर फिसला और वह गहरी खाई में जा गिरा। जब देर रात तक वह घर नहीं आया तो उसके परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इस दौरान परिजनों ने उसे खाई में अचेत अवस्था में पड़ा पाया।
जिसके बाद वह उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर चंबा मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम करवाया। एसपी चंबा अभिषेक यादव ने खबर की पुष्टि की है।