पैर फिसलकर खाई में गिरा 23 वर्षीय युवक, गई जान
HNN/ चंबा
जिला चंबा में एक व्यक्ति पैर फिसलकर गहरी खाई में जा गिरा, जिस कारण उसकी मौत हो गई है। मृतक की पहचान 23 वर्षीय अमित कुमार पुत्र मंगत राम निवासी गांव घटोहर डाकघर उरेई तहसील भरमौर के रूप में हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया है। साथ ही घटना के संदर्भ में आगामी कार्यवाही भी शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, अमित कुमार चंडीगढ़ स्थित कंपनी में नौकरी करता था। वह सात मार्च को नौकरी से छुट्टी लेकर अपने घर घटोहर आ रहा था। इस दौरान द्रोला नामक स्थान पर वह पैर फिसलकर खाई में गिर गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हुआ।
घटना के बाद उसे स्थानीय लोगों द्वारा मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे चिकित्सकों ने उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जाँच शुरू की। मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने की है।