पैर फिसलने से डंगे से नीचे गिरा व्यक्ति, मौत

By PARUL Published: 2 Dec 2023, 5:01 PM | Updated: 2 Dec 2023, 5:01 PM 1 min read

HNN/बिलासपुर

जिला बिलासपुर में उपमंडल झंडूता के डोलग गांव में एक व्यक्ति पैर फिसलने से डंगे से नीचे गिर गया। हादसे में व्यक्ति की मौत हो गई है। मृतक की पहचान दीनानाथ (50) निवासी गांव डोहग डाकघर जेजवीं तहसील झंडूता जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दीनानाथ रात को शौचालय जाने के लिए घर से बाहर आए।

इस दौरान जब वह शौचालय के पास पहुंचे तो अचानक उनका पैर फिसला और डंगे से नीचे गिर गए। जब परिजनों ने उनके चिल्लाने की आवाज सुनी तो वह तुरंत ही बाहर निकले और उन्हें घायल अवस्था में सीएचसी झंडूता ले गए। जहां से उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर रेफर कर दिया। लेकिन क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

बता दें कि मृतक के सिर में गंभीर चोट लगी थी, जिसे मौत का कारण माना जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने मृतक के बेटे और अन्य ग्रामीणों के बयान लिए और मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। डीएसपी घुमारवीं चंद्रपाल सिंह ने मामले की पुष्टि की है।