प्रदेश उच्च न्यायालय के फैसले का नाहन बार संघ ने किया स्वागत
HNN/ नाहन
नाहन बार संघ ने प्रदेश उच्च न्यायालय के उस फैसले का स्वागत किया है, जिसमें उसने माजरा पुलिस थाना के अंतर्गत आने वाले न्यायिक संबंधी मामलों का निपटारा पांवटा की अदालत की बजाए नाहन की अदालत में करने का निर्णय दिया है।
नाहन में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए नाहन बार संघ के अध्यक्ष अमित अत्री ने कहा कि वह उच्च न्यायालय के फैसले का स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि माजरा थाना से जुड़े न्यायिक मामले पांवटा साहिब अदालत में लंबे समय तक लंबित रहते थे।
लोगों को दशकों तक न्याय नहीं मिल पाता था। ऐसे में पांवटा अदालत में मामलों की संख्या देखते हुए उच्च न्यायालय ने माजरा पुलिस थाने के अंतर्गत आने वाले न्यायिक मामलों का निपटारा नाहन की अदालत में करने की अधिसूचना जारी की है। ऐसा होने से मामलों का निपटारा जल्द होगा और लोगों को जल्द न्याय मिल पाएगा।
उन्होंने इस विषय को लेकर हड़ताल कर रहे पांवटा के अधिवक्ताओं से लोगों को मिलने वाली सुविधा को देखते हुए हड़ताल खत्म करने का आह्वान किया है। इस अवसर पर पूर्व प्रधान वीरेंद्र पाल शर्मा, वरिष्ठ अधिवक्ता देशराज शर्मा, एसके जैन समेत एक दर्जन अधिवक्ता मौजूद रहे।