सिरमौर में दर्दनाक हादसा: सड़क किनारे बैठी महिला को पुलिस वाहन ने कुचला, मौत
कैदी को अदालत में पेश कर लौट रहे थे दो पुलिस कर्मी, चालक के खिलाफ मामला दर्ज
नाहन | हिमाचल नाऊ न्यूज़
जिला सिरमौर के नाहन उपमंडल में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में सड़क किनारे पैरापिट पर बैठी एक महिला की मौत हो गई। हादसा नाहन-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनेठी के समीप निहोग गांव के पास हुआ।
दुर्घटना के समय वाहन में दो पुलिस कर्मी सवार थे, जो सोलन से कैदी को अदालत में पेश करने के बाद नाहन लौट रहे थे।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों पुलिस कांस्टेबल विशेष न्यायाधीश सोलन की अदालत में कैदी को पेश करने के बाद पुलिस वाहन (एचपी-71ए-3030) से वापस नाहन आ रहे थे।
शाम करीब चार बजे निहोग गांव के समीप चालक कथित रूप से वाहन से नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित वाहन सड़क किनारे पैरापिट पर बैठी बाला देवी (45) पत्नी यशपाल निवासी गांव निहोग, डाकघर बनेठी, तहसील नाहन से जा टकराया।हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
पुलिस कर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत डॉ. वाई.एस. परमार राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, नाहन पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।बताया जा रहा है कि बाला देवी स्थानीय स्कूल में मिड-डे मील (एमडीएम) वर्कर के रूप में कार्यरत थीं।
घटना के समय वह गांव के समीप पशु चरा रही थीं और सड़क किनारे पैरापिट पर बैठी थीं। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।एसपी सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस थाना सदर नाहन की टीम मौके पर पहुंच गई। चालक पुलिस कर्मी के खिलाफ मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी गई है।
मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।उन्होंने बताया कि दोनों पुलिस कर्मियों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है तथा उनके रक्त के नमूने भी जांच के लिए लिए गए हैं। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों, मेडिकल रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।