प्रदेश के स्कूल-कॉलेज में वीडियो रील बनाने पर प्रतिबंध, शिक्षकों को सोशल मीडिया से दूर रहने की सख्त हिदायत

हिमाचल प्रदेश के शिक्षण संस्थानों में अब शिक्षक और छात्र स्कूल समय के दौरान वीडियो या रील बनाने से परहेज करेंगे। उच्च शिक्षा निदेशालय ने इस दिशा में कड़े कदम उठाते हुए सभी स्कूल और कॉलेजों के मुखियाओं को निर्देश दिए हैं कि स्कूल समय के दौरान कैंपस में किसी भी प्रकार की वीडियो या रील बनाने की अनुमति नहीं होगी। यह कदम सोशल मीडिया पर वायरल हो रही छात्रों की डांस वीडियो और अन्य एक्टिविटीज से संबंधित कंटेंट को लेकर उठाया गया है, जो बच्चों की पढ़ाई में विघ्न डाल रहा है।

शिक्षा विभाग का मानना है कि इस प्रकार के सोशल मीडिया कंटेंट के कारण बच्चों की पढ़ाई पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है और वे अकसर वीडियो बनाने में अधिक व्यस्त हो जाते हैं, जिससे उनकी पढ़ाई में ध्यान नहीं लग पाता। अब शिक्षा विभाग ने इस पर नियंत्रण रखने के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं और यह सुनिश्चित किया है कि स्कूलों में इन गतिविधियों के लिए अलग से जीरो पीरियड निर्धारित किए जाएं।

यह निर्देश उस बढ़ते हुए ट्रेंड को देखते हुए आया है, जिसमें विद्यार्थी अपने शिक्षण संस्थानों के बाहर ऐतिहासिक स्थलों या प्राकृतिक स्थानों पर जाकर सोशल मीडिया के लिए वीडियो और फोटो शूट करते हैं। इससे छात्रों की पढ़ाई की दिशा प्रभावित हो रही थी, और वे सोशल मीडिया पर अधिक समय व्यतीत कर रहे थे।