Loading...

प्राकृतिक आपदा से शिमला में पर्यटन कारोबार ठप, होटलों में महज 10 फीसदी बुकिंग

Ankita • 26 Aug 2023 • 1 Min Read

HNN/ शिमला

राजधानी शिमला सहित प्रदेश में हुई भारी बारिश ने खूब तबाही मचाई है। शिमला में रेल सेवा पिछले एक सप्ताह से बंद पड़ी है। कालका शिमला नेशनल हाइवे भी लगातार बंद हो रहा है। भूस्खलन व शहर में हो रहे नुकसान के बाद पर्यटकों ने शिमला का रूख करना ही बंद कर दिया है। हालत ये है कि शिमला शहर व इसके साथ लगते पर्यटन स्थलों में होटल पूरी तरह खाली है।

वीकेंड पर होटलों में ऑक्यूपेंसी रहती थी लेकिन इस सप्ताह वह भी नहीं है। जुलाई-अगस्त में पीक पर रहने वाला पर्यटन कारोबार अगस्त महीने में पूरी तरह औंधे मुंह गिर गया है। इससे पर्यटन कारोबारियों के साथ सरकार को भी इससे करोड़ों की चपत लगी है। अगस्त महीने में जहां शिमला शहर के होटलों में ऑक्यूपेंसी 60 फीसद तक रहती थी। वीकेंड पर यह आमद और ज्यादा बढ़ जाती थी। होटलों में महज 10 फीसदी बुकिंग हो रही है।

आपदा से पर्यटन कारोबार पूरी तरह से चौपट हो गया है। शिमला का ऐतिहासिक रिज मैदान, माॅल रोड़ हमेशा पर्यटकों से गुलजार रहता था। वह भी इन दिनों सुनसान नजर आ रहा है। पर्यटन उद्योग में होटलों के अलावा टैक्सी ऑप्रेटर, होम स्टे, घुड़सवारी करवाने वाले, साहसिक गतिविधियां, फोटोग्राफर, रेस्तरां, ढाबा सहित अन्य तरह के कारोबार चलते हैं। ये सभी प्रभावित हुए हैं। प्राकृतिक घटनाओं के बाद पर्यटक शिमला का रुख नहीं कर रहे हैं।