HNN/ सोलन
हिमाचल प्रदेश में ऑनलाइन ठगी के मामले लगातार बढ़ते ही जा रहे हैं। पुलिस की लाख कोशिशों के बावजूद भी लोग साइबर ठगों के झांसे में आकर अपनी जमा पूंजी गवां रहे हैं। ताजा मामला सोलन जिला के बद्दी का है जहां एक महिला लाखों रुपए की ठगी का शिकार हो गई। इस दौरान शातिर ने फर्जी पुलिस बनकर पहले महिला को डराया धमकाया और उसके बाद पीड़ित महिला से लाखों रुपए हड़प लिए।
वही पीड़ित महिला ने इस बाबत पुलिस थाना में मामला दर्ज करवाया और मदद की गुहार लगाई है। पीड़ित महिला ने बताया कि उसे एक अज्ञात नंबर से कॉल आया जिसने खुद को कूरियर कंपनी का एजेंट बताया। शख्स ने कहा कि आपके नाम से एक कूरियर आया है, जिसमें ड्रग्स सहित अन्य अवैध सामान है। ठग ने इस कूरियर के संदर्भ में एक शिकायत मुंबई पुलिस को भेजने की बात कही।
उसके बाद मुंबई पुलिस का इंस्पेक्टर बनकर फ़ोन किया और केस दर्ज करने का डर दिखाकर पैसे मांगे। पीड़ित महिला भी आरोपी के झांसे में आ गई और डर से उसने आरोपी के खाते में 2,41,988 रुपए डाल दिए। इसके बाद जब महिला को अपने साथ हुई ठगी का पता चला तो वह तुरंत पुलिस थाना पहुँची और मामला दर्ज करवाया। वहीं पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भी केस दर्ज कर लिया है। खबर की पुष्टि डीएसपी बद्दी प्रियंक गुप्ता ने की है

