फाउंडरी परिसर में 31 वर्षीय मिस्त्री की संदिग्ध मौत
HNN/नाहन
ऐतिहासिक धरोहर फाउंडरी परिसर में मिस्त्री का काम करने वाले एक व्यक्ति की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान श्रवण मेहतो (31) पुत्र जय सिंह मेहतो निवासी गांव केरागनी, थाना तबेला, तहसील चैनपुर, जिला गुमला झारखंड के रूप में हुई है, जो मिस्त्री का काम करता था।
यहां वह काफी समय से अपनी पत्नी और बच्चों समेत भवन निर्माण कार्य में जुटे अन्य कामगारों के साथ रह रहा था। हालांकि, शुरूआती जांच में मौत का कारण हार्टअटैक माना जा रहा है, लेकिन सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि श्रवण पिछले तीन दिन से बीमार चल रहा था। जब उसकी पत्नी ने उसे नींद से जगाने की कोशिश की तो वह नहीं उठा। इसके बाद उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी।
सदर थाना नाहन के एसएचओ रणजीत राणा ने बताया कि शुरूआती जांच में मौत का कारण हार्टअटैक बताया जा रहा है, लेकिन सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ही सामने आएगा।