HNN/ बद्दी
औद्योगिक क्षेत्र बरोटीवाला के समीप मंधाला स्थित मैरिन मैडिकेयर उद्योग में गैस लीक होने से एक कर्मचारी की मौत हो गई है। मृतक की पहचान कमलेश यादव (33) पुत्र राम यादव निवासी गांव भुज्जैनी, जिला बलियां उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, तीसरी मंजिल में उद्योग में दवा उत्पादन का काम चल रहा था। इस दौरान अचानक ही उद्योग के अंदर से कुछ कर्मचारी बाहर की तरफ भागने लगे। हादसे के बाद जब कर्मचारियों के अंदर जहरीली गैस गई तो वे बाहर की तरफ भागे।
इस बीच उद्योग मालिक का चालक जोकि बाहर खड़ा था, आग पर काबू पाने के लिए परिसर के अंदर गया। उसने आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन उसके शरीर में जहरीली गैस ने प्रवेश कर लिया।
वह भाग कर बाहर की तरफ आया और गाड़ी में बैठ गया। उसकी हालत को देखते हुए उसे कर्मचारियों द्वारा अस्पताल ले जाया गया लेकिन अस्पताल में पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। एएसपी बद्दी अशोक वर्मा ने मामले की पुष्टि की है।

