फोरलेन पर काम दिलाने का झांसा देकर व्यक्ति से लाखों की ठगी

HNN / काँगड़ा

पुलिस द्वारा लोगों को बार-बार जागरुक करने के बाद भी लोग ठगी का शिकार हो रहे हैं। अब मामला जिला कांगड़ा के पालमपुर में पेश आया। यहां मुंबई के एक व्यक्ति ने पालमपुर निवासी एक व्यक्ति को फोरलेन में काम दिलाने का झांसा दिया और उससे साढ़े 9 लाख रुपए ठग लिए। जब व्यक्ति को अपने साथ हुई ठगी का पता चला तो उसने पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई।

उसने पुलिस को बताया कि उसके शातिर के साथ काफी पुराने संबंध थे , क्योंकि शातिर पहले धर्मशाला में रहता था। उसने पुलिस को बताया कि काम न मिलने के चलते वह थोड़ा परेशान था। ऐसे में उसे तरविंद्र जोगेंद्र सिंह सभ्रवाल निवासी 601 सेक्टर आठ चेर कोप कंडीवाली पश्चिमी मुंबई का फ़ोन आया। उसने उसे फोरलेन में काम देने की बात कही। काम के बहाने शातिर ने उससे पैसो की भी मांग की।

वह काम के चलते शातिर के झांसे में आ गया और उसने उसके खाते में अलग-अलग तारीख को नौ लाख 55 हजार रुपये डाल दिए। जब उसे फोरलेन में कोई काम नहीं मिला, तो उसने शातिर से पैसे वापस मांगे। लेकिन उसने पैसे देने से साफ मना कर दिया। इसके बाद उसने पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज करवाई। यही नहीं शातिर ने भवारना के रमेहड़ के भी दो अन्य लोगों से ऐसे ही लाखों की ठगी को अंजाम दिया है।

वहीं, इस संदर्भ में थाना प्रभारी संदीप शर्मा ने कहा कि पुलिस ने मनजीत सिंह की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।