बंगाणा लोक निर्माण विभाग बना भ्रष्टाचार का अड्डा, करोड़ों के टेंडर फर्जी लग रहे, कहा है विजिलेंस विभाग,क्यों नहीं कर रहा जांच
Himachalnow / ऊना / वीरेंद्र बन्याल
बंगाणा में लोक निर्माण विभाग पर भ्रष्टाचार और फर्जी टेंडरों के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो ने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए विजिलेंस जांच की मांग की। खराब सड़कों और लापरवाही से जनता को हो रही परेशानी को लेकर उन्होंने आंदोलन की चेतावनी भी दी।
ऊना
कुटलैहड़ विधानसभा से भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो ने बंगाणा में मीडिया से बातचीत के दौरान लोक निर्माण विभाग मंडल बंगाणा की कार्य प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाणा का लोक निर्माण विभाग भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुका है और यहां करोड़ों रुपये के टेंडर फर्जी तरीके से लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विभाग की कार्यशैली से आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान देने के बजाय केवल आश्वासन देने में लगे हुए हैं। भाजपा नेता दविंदर कुमार भुट्टो ने कहा कि बंगाणा शांतला सड़क की हालत बेहद खराब हो चुकी है और यह सड़क अब खड्डों में तब्दील हो गई है। उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों से इस सड़क पर पैचवर्क तक नहीं किया गया है, जिसके कारण स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि यह सड़क क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण संपर्क सड़क है, जिस पर हर दिन सैकड़ों वाहन चलते हैं, लेकिन इसके बावजूद विभाग द्वारा इसकी मरम्मत को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। पूर्व भाजपा विधायक दविंदर कुमार भुट्टो ने कहा कि उन्होंने इस संबंध में पहले भी कई बार लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से बातचीत की,लेकिन हर बार उन्हें केवल आश्वासन ही मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी जनता की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं और जान बूझकर कार्यों में देरी की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं की गई, तो आने वाले समय में यह सड़क और भी खतरनाक हो सकती है, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाएगी। उन्होंने कहा कि ज्ञापन देकर 15 दिनों का समय देने वाले अब क्यों नहीं कर रहे भूख हड़ताल, क्या मीडिया में सुर्खियां बटोरने के लिए लोनिवि मंडल बंगाणा को ज्ञापन दिया था।
दबिंदर कुमार भुट्टो ने यह भी आरोप लगाया कि विभाग द्वारा करोड़ों रुपये के टेंडर जारी किए जा रहे हैं, लेकिन जमीन पर उनका कोई असर दिखाई नहीं देता। उन्होंने कहा कि टेंडरों में पार दर्शिता की कमी साफ नजर आ रही है और इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर लोनिवि मंडल बंगाणा की जांच क्यों नहीं करवाई जा रही है और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत और विभागीय कार्यों की जांच नहीं की गई, तो भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
उन्होंने प्रदेश सरकार और संबंधित विभाग से मांग की कि वह जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। दविंदर कुमार भुट्टो ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष को निशाना बनाना नहीं है, बल्कि क्षेत्र की जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि यदि विभाग समय रहते जागरूक नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में जनता के सहयोग से बड़ा जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।