बंबर ठाकुर गोलीकांड में SIT ने दो और शूटर दबोचे, अब तक सात गिरफ्तारी हो चुकीं
बिलासपुर
डीआईजी सौम्या सांबशिवन की निगरानी में जारी है जांच, फरार दो शूटरों की भी तलाश तेज
दो नए आरोपियों की हुई पहचान
बिलासपुर में बहुचर्चित बंबर ठाकुर गोलीकांड मामले में पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) ने कार्रवाई को और तेज करते हुए दो और शूटरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सौरभ पटियाल उर्फ फांदी और कुलदीप उर्फ शिशु के रूप में हुई है। इस गिरफ्तारी के साथ ही मामले में अब तक कुल सात लोगों को पकड़ा जा चुका है।
फरार शूटरों की तलाश जारी
SIT के अनुसार अभी दो शूटर फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए कई स्थानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को भी जल्द पकड़ लिया जाएगा और मामले की परतें पूरी तरह खोली जाएंगी।
हरियाणा से अजय को किया गया गिरफ्तार
सोमवार को SIT ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए हरियाणा के रोहतक से आरोपी अजय को गिरफ्तार किया था। सूत्रों के मुताबिक, आरोपी को कड़ी मेहनत के बाद पकड़कर रात के समय बिलासपुर लाया गया। अजय भी इस हमले में मुख्य भूमिका निभाने वालों में से एक बताया जा रहा है।
होली के दिन हुआ था हमला
यह मामला उस वक्त सामने आया जब होली के दिन सदर के पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर उनकी पत्नी के सरकारी आवास में हमला हुआ था। इस हमले में बंबर ठाकुर समेत तीन लोग घायल हो गए थे, जिसके बाद राज्य सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए SIT का गठन किया।
पहले गिरफ्तार हो चुके हैं कई आरोपी
इससे पहले पुलिस ने बोलेरो गाड़ी के चालक रितेश, रैकी कराने के आरोपी मंजीत नड्डा व रोहित राणा और नजफगढ़ से आरोपी सागर को गिरफ्तार किया था। ये चारों फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। SIT का दावा है कि पूरे नेटवर्क को जल्द ही बेनकाब कर दिया जाएगा।