बरोटीवाला में माजरी गांव धंसा, कांगड़ा में 5 मकान जमींदोज

By Ankita Published: 21 Aug 2023, 10:24 PM | Updated: 21 Aug 2023, 10:24 PM 1 min read

HNN/ शिमला

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का दौर तो कुछ थम सा गया है। परंतु भूस्खलन का सिलसिला अभी तक प्रदेश में जारी है। बता दें प्रदेश में जगह-जगह भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही है। भूस्खलन होने से प्रदेश में कहीं सैकड़ो मार्ग बंद है तो कहीं किसी के घर धंसते जा रहे हैं।

प्रदेश में जगह-जगह हुए भूस्खलन के कारण मलबे की चपेट में आकर कई लोगों ने अपनी जान गंवाई है। सैकड़ो लोगों के मकान ध्वस्त हो चुके हैं जिससे लोग अपने घरों से बेघर हो गए है। बिना घर के प्रदेश में कई लोगों को दर-दर भटकना पड़ रहा है।

जानकारी के मुताबिक, आज सोमवार को जिला सोलन के बरोटीवाला में सौड़ी पंचायत का माजरी गांव धंस गया है। बता दें गांव में आधा किलोमीटर तक लंबी दरार पड़ गई है।

बायला पंचायत के कटल पकोटी गांव में भी दस घरों में दरारें आ गई हैं। सभी घरों को खाली करवा दिया है। दोनों क्षेत्रों में 17 परिवार बेघर हो गए हैं। कांगड़ा जिला की ग्राम पंचायत नियांगल में जमीन धंसने से पांच और मकान जमींदोज हो गए हैं।