बरोटीवाला में युवक की ओवरडोज से मौत ,सड़क के किनारे मिला शव , दो आरोपियों पर केस दर्ज
Himachalnow / बद्दी
बरोटीवाला में सड़क किनारे मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर गैर इरादतन हत्या और सबूत मिटाने का केस दर्ज किया है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने जांच प्रक्रिया आगे बढ़ा दी है।
बद्दी/बरोटीवाला
शव मिलने के मामले में दर्ज हुआ केस
बरोटीवाला क्षेत्र में सड़क किनारे मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मृतक की पहचान राम लाल निवासी गांव ठेड़ा (लौदीमाजरा) के रूप में हुई है, जो ब्राह्मण बेली खेड़ा स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत था। जानकारी के अनुसार 18 मार्च को वह काम पर गया था, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटा। बाद में उसने फोन पर पंचकूला जाने की जानकारी दी, जिसके बाद उसका संपर्क टूट गया। 20 मार्च को पुलिस को सूचना मिली कि उसका शव भटौलीकला रोड पर नैना अपार्टमेंट के पास सड़क के किनारे मिला है।
परिजनों की शिकायत पर आरोप और जांच शुरू
मृतक के पिता जगदीश चंद द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। शिकायत में बताया गया कि 18 मार्च को रामलाल ट्रक यूनियन बरोटीवाला गया था, जहां उसकी मुलाकात विनोद कुमार और बहादुर सिंह से हुई। आरोप है कि तीनों ने नशीले पदार्थ का सेवन किया, जिसमें रामलाल को अधिक मात्रा दिए जाने से उसकी मृत्यु हो गई। इसके बाद आरोपियों द्वारा शव को वाहन में ले जाकर नैना अपार्टमेंट के पास सड़क किनारे फेंका गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 और 238 (सबूत मिटाना) सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
एक आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिसे अदालत से चार दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त हुआ है। पुलिस द्वारा दूसरे आरोपी की तलाश जारी है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।