बर्फबारी के चलते घाटी पर्यटकों के लिए बंद, एडवाइजरी जारी…
HNN/ कुल्लू
हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी का दौर लगातार जारी है जिससे लोगों की मुश्किलें बढ़ गई है। सड़कों पर बर्फ जमने से वाहनों के स्किड होने का खतरा बढ़ गया है। बता दें, रोहतांग, कुंजम, शिंकुला व बारालाचा दर्रों सहित अटल टनल के दोनों छोर, कोठी, सोलंग, पलचान, कुलंग, मझाच व बरुआ में भारी हिमपात का दौर बीती शाम से ही लगातार जारी है। बर्फबारी को देखते हुए लाहौल-स्पीति पुलिस ने घाटी पर्यटकों के लिए बंद कर दी है।
बारालाचा, रोहतांग व शिंकुला दर्रा भी पर्यटकों के लिए बंद हैं। उधर, एसपी लाहौल-स्पीति मानव वर्मा ने बताया कि भारी बर्फबारी के कारण सड़कों पर फिसलन बढ़ गई है जिसके चलते बीआरओ के सभी राष्ट्रीय राजमार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए बंद है। उन्होंने पर्यटकों से अपील करते हुए कहा कि वह पहाड़ों की ओर रुख ना करें ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके।