बर्फबारी में आपदा से निपटने को तैयार रहे सभी विभाग- एसडीएम
HNN / मंडी
शरद ऋतु में आपदा से निपटने के लिए उपमंडल कार्यालय गोहर में उप मंडल अधिकारी रमन कुमार शर्मा की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपमंडल अधिकारी रमन कुमार शर्मा ने क्षेत्र में बर्फबारी की स्थिति में किसी भी आपदा से निपटने और इस दौरान सड़को को खुला रखने, पेयजल और बिजली आपूर्ति को सुनिश्चित बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों द्वारा की गई तैयारियों की समीक्षा की।
उन्होंने पुलिस विभाग व गृह रक्षा विभाग को आपातकालीन नंबर व आपदा की स्थिति में आपदा से निपटने के लिए रेस्क्यू टीम को तैयार रखने और देवीदड, कमरुनाग की ओर जाने वाले मार्ग पर दो सिक्योरिटी पर्सनल को तैनात करने के निर्देश दिए।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग को देवीदड़, कमरूनाग, जालपा मंदिर व करसोग की ओर जाने वाली सड़कों, जहां पर बर्फबारी की संभावना होती है, वहां जेसीबी को तैनात रखने के निर्देश दिए। उन्होंने जल शक्ति विभाग को भी बर्फबारी की स्थिति में पेयजल आपूर्ति सुचारू रखने के लिए पानी की पाइपों को व पानी के सोर्स चेक करने के निर्देश दिए।