Loading...

बर्फ पर पांव फिसलकर खाई में गिरा 43 वर्षीय व्यक्ति, दर्दनाक मौत

Ankita • 7 Feb 2024 • 1 Min Read

HNN/ चंबा

जिला चंबा के साहो क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है, यहां एक व्यक्ति बर्फ पर से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में उसकी मौत हो गई है। मृतक की पहचान जर्मो (43) पुत्र सुधिया निवासी गांव सरा डाकघर साहो जिला चंबा के रूप में हुई है।

पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही सीआरपीसी 174 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही अमल में लाई है।

जानकारी के मुताबिक, जर्मो घराट चलाता था। वह घराट में कार्य निपटाने के बाद हर रोज शाम 4-5 बजे घर वापस लौट आता था, लेकिन सोमवार को वह देर शाम तक घर वापस नहीं आया। जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।

तलाशी के दौरान वह घराट से कुछ दूरी पर अचेत अवस्था में पाया गया, जिसके बाद उसे उपचार के लिए मेडिकल काॅलेज एवं अस्पताल चंबा पहुंचाया। यहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसपी अभिषेक यादव ने मामले की पुष्टि की है।