बस से उतरते हुए नीचे गिरी 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला, मौत
HNN/चंबा
जिला चंबा में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। जहां बस से उतरते हुए एक बुजुर्ग महिला अनियंत्रित होकर नीचे गिर गई। हादसे में महिला की मौत हो गई है। मृतका की पहचान 60 वर्षीय गोरखी देवी पत्नी मान सिंह गांव व डाकघर कंदला तहसील और जिला चंबा के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, मृतका गोरखी देवी अपने पति के साथ बस में सवार होकर बालू जा रही थी। बालू पहुंचते ही महिला बस से नीचे उतरने लगी। तभी अचानक ही उसका संतुलन बिगड़ गया और वह अनियंत्रित होकर नीचे गिर गई। नीचे गिरने से बुजुर्ग महिला घायल हो गई। जिसके बाद आसपास के लोगों द्वारा उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा ले जाया गया।
लेकिन महिला वहां तक का सफर तय नहीं कर सकी और उसने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया। साथ ही मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू की। एसपी अभिषेक यादव ने मामले की पुष्टि की है।