बाथरूम में पड़ा हुआ मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस
HNN/ बिलासपुर
जिला बिलासपुर के उपमंडल घुमारवीं की ग्राम पंचायत फटोह में एक युवक का शव अपने ही घर के बाथरूम में पड़ा हुआ मिला है। हालाँकि युवक की मौत किन कारणों से हुई है इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।
मृतक की पहचान अंकुश मेहता पुत्र श्याम लाल मेहता निवासी गांव फटोह के रूप में हुई है। पुलिस ने पिता के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, अंकुश मेहता एक कंपनी में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव का काम करता था। जब अंकुश के पिता खेत से घास लेकर घर पहुंचे, तो पत्नी ने उन्हें बताया कि अंकुश ने बाथरूम का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया है और काफी देर से नहीं खोल रहा।
जिसके बाद उन्होंने लोहे की रॉड से बाथरूम का दरवाजा तोड़ा। अंदर देखा तो अंकुश टॉयलेट सीट के पास अचेत अवस्था में पड़ा था। इसके बाद उसे घुमारवीं अस्पताल पहुंचाया, जहां पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की आगामी जाँच शुरू की। डीएसपी घुमारवीं चंद्रपाल सिंह ने मामले की पुष्टि की है।