बादल फटने से मलबे की चपेट में आई कंडईवाला गांव की महिला का शव बरामद

By Ankita Published: 16 Aug 2023, 11:29 AM | Updated: 16 Aug 2023, 11:29 AM 1 min read

HNN/ नाहन

रविवार को नाहन विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले चरूवाला में बादल फटने से मलबे की चपेट में आई महिला का शव हरियाणा के गादोली गांव से बरामद हुआ है। परिजनों को महिला की शिनाख्त के लिए बुलाया गया था। शिनाख्त के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। गौरतलब हो कि रविवार को बर्मा पापड़ी पंचायत के कंडईवाला में बादल फटने की घटना हुई थी, आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश हुई थी।

कंडईवाला गांव की महिला बिंद्रो देवी पत्नी पाला राम निवासी कंडईवाला जब काम से वापिस जा रही थी तो चरूवाला में लैंडस्लाइड की चपेट में आ गई थी। महिला रविवार को देर सांय करीब 7:30 बजे लैंडस्लाइड की स्पीड में आई थी। एनडीआरएफ की टीम बचाव कार्य के लिए घटनास्थल पर रात्रि करीब 10:30 बजे पहुंच गई थी। उसके बाद बचाव कार्य जारी था। सोमवार को महिला को खोजने के लिए पंचकूला से एनडीआरएफ की टीम बुलाई गई थी। पोकलेन की मदद से मलबे से महिला को खोजा जा रहा था।

इसी दौरान हरियाणा के गादोली गांव स्थित नाले में में ग्रामीणों को महिला का शव दिखाई दिया। इसके बाद पंचायत प्रधान व पुलिस को सूचना दी गई। हरियाणा पुलिस द्वारा पुलिस थाना काला अंब संपर्क साधा गया, जिसके बाद मृतक महिला के पति से महिला की शिनाख्त करवाई गई। करीब 48 घंटे चले सर्च अभियान में ग्राम पंचायत कटोला के युवाओं ने एनडीआरएफ की टीम के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य किया। इस दौरान खाने का प्रबंध भी कटोला गांव के युवाओं द्वारा किया गया था।