Loading...

बिंदल ने कहा बिना भेदभाव के दी जाए पीड़ितों को राहत

PARUL • 26 Aug 2023 • 1 Min Read

बेघर हुए परिवारों को सरकार जल्द जमीन उपलब्ध कराए और..

HNN/नाहन

प्रदेश में इस बार भारी बारिशों से पैदा हुई आपदाओं से बेघर और बगैर जमीन के हुए लोगों और किसानों की प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल ने सरकार से पैरवी करी। सोलन में पत्रकारों को संबोधित करते हुए डॉक्टर बिंदल ने कहा कि प्रदेश सरकार बगैर किसी भेदभाव के राहत दे। जिसमें ए और बी यानी पिक एंड चूज़ नहीं होना चाहिए। प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार को तीन प्रकार के हुए नुकसान पर ध्यान केंद्रित करने के लिए भी कहा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में इस भारी आफत वाली बारिश से कई जानें गई है कई लोग बेघर हुए हैं और कईयों की जमीन तबाह हो गई है। उन्होंने कहा यदि सरकार जल्द से जल्द मकान के लिए जमीन नहीं देगी तो उनका स्थापन कैसे हो पाएगा। वहीं उन्होंने सड़कों को लेकर कहा कि आवागमन ना होने के कारण किसानों को और बागवानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।

डॉ. बिंदल ने कुल्लू का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां हजारों की तादाद में किसानों के माल के साथ ट्रक फंसे पड़े हैं। उन्होंने कहा कि जब यह ट्रक एक साथ वहां से निकलेंगे तो बाजार में किसानों को उनकी उपज का उचित दाम भी नहीं मिल पाएगा। उन्होंने सरकार से आग्रह करते हुए कहा कि जल्द से जल्द सड़कों को बहाल किया जाए ताकि आर्थिक संकट से जूझ रहा किसान राहत पा सके।

डॉ. बिंदल ने कहा कि सरकार में राहत को लेकर पिक एंड चूज चला हुआ है। उन्होंने कहा कि यह संकट का समय है प्रदेश की सरकार को चाहिए कि बगैर किसी भेदभाव के लोगों को जल्द से जल्द जमीन और राहत आदि का इंतजाम किया जाए। उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में केंद्र सरकार की तरफ से प्रदेश की हर संभव सहायता की जा रही है। प्रदेश में भाजपा का हर कार्यकर्ता राहत मिशन में जुड़ा हुआ है। वार्ता के दौरान उनके साथ भाजपा के कई दिग्गज नेता भी मौजूद रहे।