बिजली की मोटर और वेल्डिंग सेट चोरी करने के मामले में आरोपी गिरफ्तार
HNN/ सोलन
जिला सोलन के बद्दी के गुल्लरवाला में चोरी की वारदात पेश आई है। यहां शातिरों ने एक कर्मशाला में बिजली की मोटर और वेल्डिंग सेट पर हाथ साफ कर लिया। आरोपियों की पहचान सचिन निवासी खुड्डा लाहोरा, सेक्टर 17 चंडीगढ़ और आशीष हुसैन उर्फ अंसारी निवासी ढईया डाकघर व तहसील बरेली उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बद्दी के गुल्लरवाला की एक कर्मशाला में कुछ शातिर बिजली की मोटर और वेल्डिंग सेट चुरा कर फरार हो गए थे। जिसके बाद पुलिस ने बद्दी के सीसीटीवी फुटेज की सहायता से दोनों आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 13 मोटर, एक वेल्डिंग सेट और बिजली के तार बरामद किए हैं। बता दे कि इस वारदात में सचिन और आशीष के साथ 2 नाबालिग लड़के भी शामिल थे।
पुलिस ने सचिन और आशीष को अदालत में पेश किया है। अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत पर भेज दिया है। उधर, मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी प्रियंक गुप्ता ने बताया कि पुलिस ने चोरी के मामले में 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी सचिन और आशीष को अदालत में पेश किया है।