Loading...

बिजली के खंभे से टकराया ट्राला , आग की चपेट में आए चार वाहन

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन 15 May 2025 Edited 15 May 1 min read

परवाणू

बड़ा हादसा टला, फायर ब्रिगेड ने समय पर पहुंचकर बचाई जान-माल

औद्योगिक क्षेत्र परवाणू के सेक्टर-5 में बुधवार को एक बड़ा हादसा होने से टल गया जब एक भारी मालवाहक ट्राला अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि खंभे से चिंगारियां निकलने लगीं और देखते ही देखते ट्राले में भीषण आग लग गई।

अग्निकांड में चार वाहन चपेट में
आग की लपटों ने आसपास खड़ी एक हायड्रा मशीन, कार और स्कूटी को भी अपनी चपेट में ले लिया। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फायर ऑफिसर अनिल कुमार ने बताया कि उन्हें शाम पांच बजे घटना की सूचना मिली थी। टीम ने समय पर पहुंचकर एक बड़ी दुर्घटना को टाल दिया।

बिजली की चिंगारियों से फैली आग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्राले का संतुलन बिगड़ने के बाद वह सड़क किनारे खड़े बिजली के खंभे से टकरा गया। खंभे की हाई टेंशन लाइन से निकली चिंगारियों ने कुछ ही पलों में आग को विकराल रूप दे दिया। फायर ऑफिसर ने बताया कि चार वाहनों को नुकसान पहुंचा है, लेकिन राहत की बात यह रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।