HNN/ बिलासपुर
जिला बिलासपुर से करीब पांच किलोमीटर दूर जबली स्थित बिरोजा फैक्ट्री में अचानक ही आग भड़क उठी। हालांकि गनीमत यह रही कि हादसे में किसी तरह का कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ है। अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया था। इस घटना में करीब 18 करोड़ रुपये की संपत्ति बचाई गई है।
जानकारी के मुताबिक, पानी की आपूर्ति के लिए बिरोजा फैक्ट्री से करीब 100 मीटर दूर किए बोरवेल के लिए लगाई बिजली के तार में स्पार्किंग हुई। जिससे वहां फेंके कूड़े के ढेर और झाड़ियों में आग लग गई। जिसके बाद आग फैक्ट्री परिसर में रखे बरोजा के खाली टीन के डिब्बों में लग गई।
फैक्ट्री से उठे धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से देखा गया। गनीमत रही कि समय रहते फायर ब्रिगेड के कर्मियों ने आग पर काबू कर लिया अन्यथा बरोजा से भरे ड्रमों में भयंकर आग लग सकती थी। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फायर ब्रिगेड कार्यालय बिलासपुर के प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि मौके पर दो गाड़ियां गई थीं।

