बिलासपुर के गरामोड़ा में टेंपो और स्कूटी की टक्कर, हादसे में दो लोगों की मौत और स्कूटी में लगी आग
किरतपुर-मनाली फोरलेन पर बिलासपुर के गरामोड़ा में गुरुवार दोपहर टेंपो और स्कूटी की जोरदार टक्कर में दो व्यक्तियों की मौत हो गई। हादसे के बाद स्कूटी में आग लग गई और टेंपो सड़क किनारे पलट गया।
बिलासपुर
कैसे हुआ हादसा
गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे हुए इस हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी आग की चपेट में आ गई जबकि टेंपो पलट गया। सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा और राहत कार्य शुरू किया।
मृतकों की पहचान
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान रफी मोहम्मद निवासी जकातखाना (बिलासपुर) और सुनील कुमार निवासी हमीरपुर के रूप में हुई है। दोनों रेल लाइन निर्माण कार्य से जुड़ी कंपनी के क्रशर पर काम कर रहे थे।
प्रशासनिक कार्रवाई
शवों को एनएचएआई की एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। मौके से गुजर रहे एसडीएम स्वारघाट धर्मपाल और जिला परिषद उपाध्यक्ष मान सिंह धीमान ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। डीएसपी श्री नयनादेवी जी विक्रांत बोंसरा ने बताया कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।