बिलासपुर में चिट्टा और चरस के खिलाफ पुलिस की चार जगहों पर कार्रवाई, आठ आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर
15.83 ग्राम चिट्टा और 4.48 ग्राम चरस बरामद, सभी मामलों में आरोपियों को किया गया गिरफ्तार
जिला बिलासपुर में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग चार स्थानों पर छापेमारी कर 15.83 ग्राम चिट्टा और 4.48 ग्राम चरस बरामद की है। इन मामलों में आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
बलोह टोल प्लाजा पर टैक्सी से बरामद हुआ चिट्टा
पहली कार्रवाई में पुलिस की स्पेशल डिटेक्शन टीम ने कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर बलोह टोल प्लाजा के पास नाका लगाया। यहां टैक्सी नंबर HP01M-2008 को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें तीन युवक सवार थे। टैक्सी से 5.50 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मंडी जिले के हरीश कुमार (23), सुनील कुमार (34) और चमन लाल (26) के रूप में हुई है।
चंडीगढ़-मनाली एनएच पर कार से 10.10 ग्राम चिट्टा बरामद
दूसरी कार्रवाई में थाना सदर पुलिस ने धौलरा गेट के पास नाका लगाकर HP24E-7000 नंबर की कार को रोका। तलाशी के दौरान एक युवक ने अपने पांव के पास से कुछ फेंका जो कि 10.10 ग्राम चिट्टा निकला। गिरफ्तार आरोपियों में बिलासपुर निवासी लोकेश कुमार (34) और पंजाब के रोपड़ जिले के श्याम (31) और मिंटू सिंह (33) शामिल हैं।
चिलिंग प्लांट परिसर से युवक के पास मिला चिट्टा और चरस
तीसरी कार्रवाई में थाना सदर पुलिस ने चिलिंग प्लांट परिसर से एक युवक को हिरासत में लिया, जिसके पास से 0.6 ग्राम चिट्टा और 98 ग्राम चरस बरामद की गई। आरोपी की पहचान शिवम (33) निवासी चिलिंग प्लांट, वार्ड नंबर 1, बिलासपुर के रूप में हुई है।
लक्ष्मी नारायण मंदिर के पास युवक से बरामद हुआ चिट्टा और चरस
चौथी कार्रवाई में शहरी चौकी पुलिस ने गश्त के दौरान लक्ष्मी नारायण मंदिर के पास एक युवक को संदिग्ध हालत में देखा। युवक की जेब से 0.17 ग्राम चिट्टा और 3.50 ग्राम चरस बरामद हुई। आरोपी की पहचान अक्षय कुमार (23) निवासी हवाण, घुमारवीं के रूप में हुई है।
पुलिस ने सभी मामलों में की त्वरित गिरफ्तारी
डीएसपी बिलासपुर मदन धीमान ने इन सभी मामलों की पुष्टि करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित थाना पुलिस द्वारा एनडीपीएस एक्ट के तहत आगामी कार्रवाई की जा रही है।
