नाहन-सोलन राष्ट्रीय राजमार्ग पर देर रात एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा उस समय हुआ जब चालक ने सड़क पर अचानक आई बिल्ली को बचाने के लिए ब्रेक लगाई, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
नाहन
पच्छाद उपमंडल के सराहां के पास टिक्कर क्षेत्र में नाहन से सोलन की ओर जा रहा ट्रक देर रात पलट गया। हादसे के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और तुरंत बचाव कार्य शुरू किया गया।
बिल्ली को बचाने में बिगड़ा संतुलन
जानकारी के अनुसार, जैसे ही ट्रक टिक्कर के समीप पहुंचा, सड़क पर अचानक एक बिल्ली आ गई। चालक ने उसे बचाने के लिए जोरदार ब्रेक लगाई, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और ट्रक सड़क किनारे पलट गया।

चालक और क्लीनर को आई मामूली चोटें
गनीमत यह रही कि हादसे में चालक और क्लीनर को गंभीर चोटें नहीं आईं। दोनों को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
पुलिस ने की जांच, मामला दर्ज नहीं
घटना की सूचना मिलते ही पच्छाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं पाई गई, इसलिए अभी तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। हादसे की पुष्टि एसएचओ जय सिंह ने की है।

