बेहतर तालमेल के साथ नशे से निपटें संबंधित विभाग- आशुतोष गर्ग
HNN/ कुल्लू
नशा मुक्त भारत अभियान की जिला स्तरीय समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग ने अभियान से जुड़े सभी विभागों से आपसी तालमेल व सामंजस्य से कार्य कर कुल्लू जिला को पूर्ण रूप से नशा मुक्त बनाने के लिए कार्य करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशे की आदत न केवल परिवार बल्कि पूरे समाज के लिए अभिशाप है।
उन्होंने कहा कि इस बुराई को सभी के सहयोग से ही समाप्त किया जा सकता है। उन्होंने गैर सरकारी संस्थाओं को भी नशा मुक्त बनाने के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस बुराई को केवल सरकारी प्रयासों से ही समाप्त नहीं किया जा सकता है बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे आना होगा ताकि हम युवाओं को नशे की आदत से दूर रख सके। उपायुक्त ने महिला नशा उन्मूलन केंद्र भुंतर के कॉल सेंटर में टॉल फ्री नंबर स्थापित करने को भी कहा।
बैठक में बताया गया कि इस केंद्र में जो कॉल सेंटर स्थापित किया गया है उसका दूरभाष न 01902-356136 है। जिस पर कोई भी व्यक्ति नशा निवारण संबंधित जानकारी हासिल कर सकता है। उन्होंने कहा कि नशे के दुष्परिणामों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए जिले के प्रत्येक उपमंडल में 6 हॉट स्पॉट क्षेत्र चिन्हित कर जागरूकता शिविर आयोजित किए जायेंगें।
इसमें नेहरू युवा केंद्र ,सहभागिता ,स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, जिला भाषा अधिकारी कार्यालय व प्रशिक्षित अध्यापक लोगों को जागरूक करेंगे। उन्होंने कहा कि संकल्प अभियान के तहत हर महीने प्रत्येक उपमंडल पर स्कूली बच्चों द्वारा शिक्षण संस्थानों नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों को जागरूक किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जिले के सभी महाविद्यालय, आईटीआई में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा। उपायुक्त ने कहा कि हाई ड्रग एब्यूज क्षेत्रो को चिह्नित कर वहां नुक्कड़ नाटको के माध्यम से लोगो को नशे से समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों पर जागरूक किया जाएगा।