बैंक ऑफिसर बनीं मिड-डे मील वर्कर की बेटी
HNN/चंबा
हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा में एक मिड-डे मील वर्कर की बेटी बैंक ऑफिसर बनी है। ग्राम पंचायत सेरी की बेटी अंजली शर्मा की इस उपलब्धि से पूरे गांव में खुशी का माहौल है। अफसर बनकर गांव आने पर लोगों ने उनका स्वागत किया।
अंजली ने प्राथमिक से लेकर 10वीं तक की शिक्षा सेरी स्कूल से प्राप्त की। 10वीं के बाद ब्लॉक लेवल का एक टेस्ट दिया, इसमें वह अव्वल रहीं। इसके बाद डीसीएम जीपीएस लचोड़ी ने अंजली को मुफ्त पढ़ने का न्योता दिया।
जिसके बाद अंजली ने 12वीं की शिक्षा डीसीएम जीपीएस लचोड़ी से उत्तीर्ण की। अंजली उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए अपनी बहन के घर मंडी चली गईं। सरदार पटेल यूनिवर्सिटी मंडी से शिक्षा प्राप्त की।
अंजली के माता-पिता सेरी स्कूल में मिड-डे मील वर्कर हैं। अंजली ने बताया कि उनके परिवार में पांच बहनें एक भाई है। माता और पिता मिड-डे मील का काम कर बच्चों की पढ़ाई और परिवार का पालन पोषण करते हैं।