ब्यास में घास काटते वक्त गिरी महिला का शव 12 दिन बाद पंडोह बांध से बरामद
मंडी
पंडोह बांध पर तैनात CISF जवानों की सतर्कता से हुआ शव का पता, परिजनों ने की पहचान
18 मई को नगवाईं के पास घास काटते समय ब्यास नदी में गिरी महिला का शव गुरुवार को पंडोह बांध से बरामद किया गया। पंडोह बांध पर तैनात सीआईएसएफ के जवानों ने पानी में शव को देखकर पंडोह पुलिस चौकी को सूचना दी।
पुलिस और SDRF की टीम ने निकाला शव
मौके पर पंडोह पुलिस चौकी, मंडी सदर थाना और एसडीआरएफ की टीम पहुंची और शव को बांध से बाहर निकाला। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम और शिनाख्त के लिए जोनल अस्पताल मंडी भेजा गया। प्रारंभिक सूचना के आधार पर भुंतर थाना से यह पुष्टि हुई कि 18 मई को एक महिला ब्यास में गिर गई थी।
बेटे ने की शव की पहचान, परिजनों को सौंपा गया शव
शव की पहचान मीरा देवी पत्नी दिवंगत लुदर चंद, निवासी थरास डाकघर हुरला तहसील भुंतर जिला कुल्लू के रूप में हुई है। महिला के बेटे रविंद्र सिंह ने शव की पुष्टि की। परिवार की ओर से पहले ही थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई गई थी।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
एसपी साक्षी वर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। इस घटना के 12 दिन बाद शव मिलने से परिजन बेहद भावुक हो गए।