भाजपा ने नाहन नगर परिषद में मारी हैट्रिक7-6 के मुकाबले में फिर लहराया भगवा
डॉ. बिंदल का चला चुनावी मैजिक, कांग्रेस को मिली कांटे की टक्करअमरपुर से सीमा अत्री सबसे बड़ी विजेता, वार्ड-13 ने बदला पूरा खेल
हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन
नाहन नगर परिषद चुनाव 2026 में भाजपा ने एक बार फिर सत्ता पर कब्जा जमाते हुए लगातार तीसरी बार जीत का परचम लहरा दिया है। 13 वार्डों वाले इस बेहद दिलचस्प चुनाव में भाजपा ने 7 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया, जबकि कांग्रेस 6 सीटों पर सिमट गई।

आखिरी दौर तक चले सियासी घमासान में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल की रणनीति आखिरकार भारी पड़ती दिखाई दी।इस चुनाव में सबसे बड़ा राजनीतिक झटका कांग्रेस को वार्ड नंबर-9 में लगा, जहां स्थानीय विधायक अजय सोलंकी अपने ही वार्ड से कांग्रेस प्रत्याशी कुसुम देवी को जीत नहीं दिला पाए।


भाजपा की कौशल्या ने यहां जीत दर्ज कर भाजपा खेमे में नई ऊर्जा भर दी। वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल के प्रभाव वाले वार्ड नंबर-5 अमरपुर से भाजपा प्रत्याशी सीमा अत्री ने पूरे चुनाव की सबसे बड़ी 580 वोटों की जीत दर्ज कर भाजपा की स्थिति और मजबूत कर दी।

वार्ड नंबर-1 ढाबों मोहल्ला से कांग्रेस समर्थित कपिल गर्ग उर्फ मोंटी ने भाजपा के शुभम सैनी को 280 वोटों से हराकर कांग्रेस का खाता खोला। वार्ड नंबर-2 में कांग्रेस के नरेंद्र सिंह तोमर ने भाजपा के मनीष जैन को मात्र 40 वोटों से हराया। यह मुकाबला पूरे चुनाव का सबसे रोमांचक मुकाबला रहा।
वार्ड नंबर-3 में भाजपा की अंदरूनी बगावत खुलकर सामने आई। यहां कांग्रेस की उपमा धीमान 298 वोटों से जीत गईं, जबकि भाजपा समर्थित आशा भारद्वाज और बागी उम्मीदवार लीला सैनी के बीच वोट बंटने का सीधा फायदा कांग्रेस को मिला।

वार्ड नंबर-4 शमशेर गंज में भाजपा की पूजा तोमर उर्फ मोना ने कांग्रेस की श्रद्धा शर्मा को 250 वोटों से हराकर जीत दर्ज की। वहीं वार्ड नंबर-5 अमरपुर भाजपा के लिए सबसे बड़ी जीत लेकर आया। यहां सीमा अत्री ने कांग्रेस की समीना खान को 580 वोटों से हराया।

सीमा अत्री को 846 वोट मिले, जो पूरे चुनाव में सबसे बड़ी जीत मानी जा रही है।वार्ड नंबर-6 नया बाजार कांग्रेस के खाते में गया जहां योगेश कुमार गुप्ता उर्फ सुक्खू भाई ने भाजपा की अर्पिता को 312 वोटों से हराया।

वहीं वार्ड नंबर-7 में कांग्रेस के राकेश गर्ग उर्फ पपली ने भाजपा के युवा चेहरे अभिषेक चौधरी को हराया, हालांकि पहली बार चुनाव लड़ रहे अभिषेक ने 319 वोट लेकर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई।
वार्ड नंबर-8 में भाजपा के संजय चौहान ने कांग्रेस समर्थित वीरेंद्र पासी को 309 वोटों से हराया। वार्ड नंबर-10 कच्चा टैंक से कांग्रेस के वसीम खान ने भाजपा मंडल अध्यक्ष संजय पंडित को 205 वोटों से शिकस्त दी।वार्ड नंबर-11 में भाजपा की संध्या अग्रवाल लगातार दूसरी बार जीतने में सफल रहीं।
उन्होंने कांग्रेस की हरजीत कौर को 13 वोटों के बेहद मामूली अंतर से हराया। वहीं वार्ड नंबर-12 में निर्दलीय उम्मीदवारों ने कांग्रेस का खेल बिगाड़ दिया और भाजपा के प्रदीप सहोत्रा जीत गए।नगर परिषद का सबसे निर्णायक वार्ड नंबर-13 साबित हुआ।
यहां भाजपा की संजना कौर ने कांग्रेस की सर्वजीत कौर को हराकर भाजपा को सातवीं और निर्णायक सीट दिलाई। इसी जीत के साथ भाजपा ने एक बार फिर नगर परिषद पर कब्जा जमा लिया।
चुनाव परिणाम आने के बाद नाहन शहर देर रात तक जश्न में डूबा रहा। भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों के समर्थकों ने अपने-अपने वार्डों में मिठाइयां बांटी और जीत का जश्न मनाया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और विधायक अजय सोलंकी ने मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए विजेता प्रत्याशियों को शुभकामनाएं दीं।अब सभी की नजर नगर परिषद के गठन और अध्यक्ष पद को लेकर बनने वाले राजनीतिक समीकरणों पर टिकी हुई है।
