भीषण अग्निकांड: तीन कमरों समेत एक दुकान जलकर राख, लाखों का हुआ नुकसान
HNN/चंबा
जिला चम्बा के उपमंडल सलूणी के डांड बाजार में एक दुकान आग की भेंट चढ़ गई। इस घटना में पीड़ित दुकानदार को लाखों का नुकसान हुआ है। जानकारी के अनुसार सुरेश कुमार पुत्र जनता डांड बाजार में होटल का व्यवसाय करता है। रोजाना की तरह दुकानदारी करने के बाद वह दुकान बंद कर अपने गंतव्य को गया।
इसी दौरान देर रात अचानक दुकान में चिंगारी सुलग गई और दुकान के भीतर रखे गैस सिलेंडर के आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान सहित एक कमरा और एक स्टोर को भी अपनी चपेट में ले लिया।
आग लगने की भनक लगते ही दुकानदार सहित ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने में जुट गए। मगर तब तक दुकान सहित कमरा और स्टोर को जलकर राख हो चुका था। हालांकि ग्रामीण अन्य दुकानों को बचाने में सफल रहे।
जिसके बाद स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना उपमंडल प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही अग्निशमन चौकी सलूणी की टीम गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंची और आग पर पूरी तरह काबू पाया।
कार्यवाहक तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार सलूणी करतार चंद ने बताया कि पीड़ित दुकानदार को 4 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। प्रशासन की ओर से प्रभावित दुकानदार को 5 हजार रुपए फौरी राहत राशि दे दी गई है।