भूस्खलन की चपेट में आया शिव मंदिर, कई लोग दबे, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
HNN/शिमला
राजधानी शिमला के समरहिल में एक हादसा पेश आया है। बताया जा रहा है कि भारी बारिश के कारण समरहिल में स्थित एक शिव मंदिर भूस्खलन की चपेट में आ गया और जिस कारण हादसे में 40 से भी ज्यादा लोग दब गए हैं। मलबे में दबे लोगों की पहचान संजू पुत्र मोहन, हरीश वकील, मोंटू पुत्र जयंत, नीरज पुत्र शांति स्वरूप के रूप में हुई है। बता दें कि पवन शर्मा के परिवार के सात लोग दब गए। इनके अलावा, शंकर नेगी, पंडित राजेश समेत कई लोग शामिल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सावन के इस सोमवार को शिव मंदिर में काफी संख्या में लोग पूजा अर्चना के लिए आये हुए थे कि भारी बारिश के चलते मंदिर भूस्खलन की चपेट में आ गया। मौके पर बचाव अभियान जारी है। बता दें कि मंदिर के मलबे से तीन लोगों के शव को निकला गया है।
संजीव कुमार गांधी एसपी शिमला ने बताया कि भूस्खलन में एक मंदिर ढह गया। इससे आसपास की इमारतों को भी खतरा है। कईं लोग फंसे हुए हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। तो वहीं शिमला की लाल कोठी में भी भूस्खलन से कुछ लोगों के दबने की आशंका है। हिमाचल के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ट्वीट कर इस घटना पर दुख जताया है।