Loading...

भूस्खलन होने से दो मंजिला मकान को खतरा पैदा, प्रशासन ने खाली करने के दिए निर्देश

Ankita • 20 Jul 2023 • 1 Min Read

HNN/ शिमला

राजधानी शिमला के उपमंडल रामपुर की ननखड़ी तहसील में बारिश लगातार कहर बरपा रही है। तहसील की खड़ाहन पंचायत में बरसात से भूमि धंसाव हो रहा है। इस कारण चार मकानों को खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने त्वरित कार्यवाही करते हुए इन भवनों को असुरक्षित घोषित कर खाली करवा दिया है। बुधवार को तहसीलदार ननखड़ी की अगुवाई में मौके पर टीम भेजी गई।

टीम ने मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया और उसकी रिपोर्ट जल्द एसडीएम रामपुर को सौंपी जाएगी। पंचायत प्रधान रमीला कैरो ने बताया कि खड़ाहन पंचायत के सतीश चौहान, संजीव कुमार, रविंद्र और लाल चंद के मकान को भूमि धंसने के कारण खतरा बना हुआ है। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा के दृष्टिगत उचित कदम उठाने की मांग की है।

वहीं ननखड़ी पंचायत के छलाण गांव में भी बुधवार को पहाड़ी से भूस्खलन होने के कारण बृजलाल का दो मंजिला मकान को खतरा पैदा हो गया। इसे प्रशासन ने खाली करने के निर्देश दिए हैं। इससे पूर्व भी मंगलवार को बढ़ोग पंचायत के पुनन गांव में तीन भवन असुरक्षित घोषित किए गए थे। इसमें एक मकान जमींदोज हो गया था।