मंडी के जोगिंदरनगर में बेटे ने पारिवारिक विवाद के बीच पिता की नुकीली चीज से कर दी हत्या
मंडी
बहू से झगड़े में सुलह करवाने आए पिता पर बेटे ने किया हमला
सोमवार देर रात मंडी जिला के जोगिंदरनगर उपमंडल में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। द्रुब्बल पंचायत के चंडोझ के द्रोबड़ी गांव में एक बेटे ने घरेलू विवाद के दौरान अपने ही पिता की नुकीली चीज से हमला कर हत्या कर दी। मृतक की पहचान सेवानिवृत्त जल शक्ति विभाग कर्मचारी प्रताप के रूप में हुई है।
बहू-बेटे की बहस के बीच-बचाव करने पहुंचे थे पिता
घटना के वक्त मुकेश और उसकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर बहस चल रही थी। जब बहस ज्यादा बढ़ गई तो पिता प्रताप सुलह कराने पहुंचे। इस पर गुस्साए मुकेश ने पास रखी नुकीली चीज से प्रताप पर हमला कर दिया। हमले में प्रताप गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
मां के बयान पर बेटे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही जोगिंदरनगर पुलिस हरकत में आई। मृतक की पत्नी नागण देवी ने पुलिस को बताया कि उसका बेटा मुकेश और बहू के बीच झगड़ा हो रहा था, जिसमें प्रताप ने हस्तक्षेप किया और उसी पर बेटे ने हमला किया। पुलिस ने मुकेश के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जोगिंदरनगर अस्पताल भेजा।
पुलिस कर रही है आरोपी की तलाश
डीएसपी पधर देवराज ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस पारिवारिक हत्या की वारदात ने पूरे क्षेत्र को हिला दिया है और गांव में मातम का माहौल है।