मंदिर में हीटर सेकते हुए 78 वर्षीय पुजारी की हुई मौत
HNN/ चंबा
जिला चंबा के सुंडला स्थित शिव मंदिर में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है, यहां मंदिर में हीटर सेकते हुए पुजारी की मौत हो गई है। मृतक पुजारी की पहचान परमेश्वरी दत्त (78) पुत्र स्वर्गीय तुला राम निवासी सुंडला के रूप में हुई है।
पुलिस ने मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल चंबा में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही सीआरपीसी की धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, परमेश्वरी दत्त एसएसबी से सेवानिवृत्त हाेने के बाद मंदिर में रहते थे। वह मंदिर में हीटर सेंक रहे थे। इस दौरान अचानक उनको चक्कर आ गया और वह हीटर पर गिर गए। इससे उनकी एक टांग बुरी तरह से झुलस गई।
घटना के बाद उन्हें उपचार के लिए मेडिकल काॅलेज एवं अस्पताल चम्बा पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। बता दें मृतक के दो बेटों की पहले ही मौत हो चुकी है। इसके अलावा बेटियों की शादी हो चुकी है। इसके बाद वह अकेले ही रहते थे। एसपी अभिषेक यादव ने मामले की पुष्टि की है।