मज़दूरों की समस्याओं और न्यूनतम वेतन बढ़ाने को मुख्यमंत्री से मिलेगी इंटक: विक्रम ठाकुर

The-problems-of-laborers-an.jpg

HNN/ बद्दी

प्रदेश में कांग्रेस की सरकार और सुखविंदर सिंह सूक्खु के मुख्यमंत्री बनने की खुशी में हिमाचल इंटक ने यूनीकेम चौक पर मज़दूरों व राहगीरों को लड्डू बांटे गए। प्रदेश इंटक के कार्यकारी अध्यक्ष विक्रम ठाकुर, प्रदेश इंटक प्रवक्ता व इंडस्ट्री एंप्लॉय फेडरेशन (इंटक) के वाईस चेयरमैन ओम शर्मा व प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव शर्मा की अगुवाई में इंटक कार्यकर्ताओं ने लड्डू वितरण कर खुशी जाहिर की। इंटक कार्यकारी अध्यक्ष विक्रम ठाकुर ने कहा कि सुखविंदर सूक्खु जमीन से जुड़े आम नेता हैं और उनके मुख्यमंत्री बनने से प्रदेश के आम व मज़दूर वर्ग को उनसे खासी उम्मीद है।

विक्रम ठाकुर ने कहा कि जल्द इंटक का एक प्रतिनिधिमंडल प्रदेश समन्वयक महिमन चंद्र व प्रदेशाध्यक्ष संजय शर्मा की अगुवाई में पूरी टीम के साथ मुख्यमंत्री से मिलेगा। उन्हें ज्ञापन सौंपकर मज़दूरों का न्यूनतम वेतन बढ़ाने, ईएसआई पीएफ, हिमाचली युवाओं को उद्योगों में रोजगार व अन्य समस्याओं के हल की मांग की जाएगी। इंटक के प्रदेश प्रवक्ता ओम शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सूक्खु ज़मीन से जुड़े नेता हैं और लंबे संघर्ष के बाद आज वह इस मुकाम पर पहुंचे है। इंटक ट्रांसपेरेंसी एक्ट और उनके द्वारा जनहित में लिए सभी फ़ैसलों का स्वागत करती है।

पिछली जयराम ठाकुर सरकार ने आखरी 6 महीने में बिना बजट के वोट बटोरने के लिए जो घोषणाएं की उनकी समीक्षा का फ़ैसला बिल्कुल सही है। ओम शर्मा ने कहा कि हिमाचल फार्मा हब होने के साथ-साथ बड़ा औद्योगिक क्षेत्र है और यहां देशभर के लोग उद्योगों में काम कर रहे हैं। इंटक जल्द मज़दूरों की अहम समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू से मिलेगी और कामगारों को पेश आ रही दिक्कतों के हल का प्रयास किया जाएगा।

न मज़दूरों न उद्योगपतियों का शोषण किया जाएगा बर्दाश्त
इंटक अध्यक्ष विक्रम ठाकुर और प्रदेश प्रवक्ता ओम शर्मा ने कहा कि इंटक ट्रांसपेरेंसी एक्ट के तहत काम करेगी। न मज़दूरों और न ही उद्योगपतियों का शोषण बर्दाश्त किया जाएगा। उद्योग चलेंगे तो ही मज़दूरों के घर का भी चूल्हा जलेगा। इंटक प्रयास करेगी कि इंडस्ट्री और मज़दूरों के बीच बेहतर तालमेल बनाकर बीबीएन में विकास की रफ़्तार को बढ़ाया जाए।

दून को दिया जाए मंत्री पद, राम कुमार को दिया जाए उद्योग मंत्रालय
इंटक अध्यक्ष विक्रम ठाकुर व प्रदेश प्रवक्ता ओम शर्मा ने बताया, इंटक ने राष्ट्रीय व प्रदेश कांग्रेस के समक्ष दून को मंत्री पद दिये जाने की मांग रखी है। इंटक ने दून विधायक राम कुमार चौधरी को उद्योगमंत्री बनाने की मांग उठाई है। राम कुमार चौधरी इस औद्योगिक क्षेत्र से सम्बंध रखते है और यहां के माहौल, उद्योगों व कामगारों की समस्याओं से भली-भांति परिचित है। राम कुमार चौधरी को उद्योग मंत्री बनाया जाता है तो एशिया के इस सबसे बड़े औद्योगिक क्षेत्र के विकास को रफ़्तार मिलेगी।