Loading...

महिला ने युवक पर लगाया अश्लील हरकतें करने और वीडियो बनाने का आरोप, मामला दर्ज

PARUL • 28 Oct 2023 • 1 Min Read

HNN/बिलासपुर

जिला बिलासपुर में उपमंडल घुमारवीं के एक गांव में महिला ने एक युवक पर अश्लील हरकतें करने और वीडियो बनाने का आरोप लगाया है। महिला ने इस बात की भी आशंका जताई है कि कहीं आरोपी उसके वीडियो को वायरल न कर दे।

जानकारी के अनुसार, एक युवक कई दिनों से महिला को फोन कर रहा था और साथ ही बार-बार वीडियो कॉल करके परेशान भी करता था। इसी दौरान एक दिन जब वह बाजार जा रही थी, तो रास्ते में एक कार चालक ने उसे कार में बैठने को कहा। चालक के कहने पर वह भी कार में बैठ गई और कुछ दूरी पर फोन करने वाला युवक भी उस कार में बैठ गया।

जिसके बाद महिला ने कार से बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन युवक ने उसे बाहर नहीं निकलने दिया और उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगा। इतना ही नहीं युवक ने महिला की वीडियो भी बनाई। साथ ही युवक ने महिला को वीडियो वायरल करने की धमकियां देनी शुरू कर दी।

जिसके बाद महिला ने आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया और आगामी कार्यवाही शुरू कर दी। थाना प्रभारी घुमारवीं विपिन चौधरी द्वारा मामले की पुष्टि की गई है।