Loading...

महीपुर में ट्रक और बाइक के बीच हुई टक्कर, 2 युवकों की दर्दनाक मौत

Ankita • 30 May 2024 • 1 Min Read

चलाना-नेहरसवार सड़क पर सुबह पेश आया हादसा

HNN/ नाहन

जिला सिरमौर के सैनधार इलाके के महीपुर में सुबह सवेरे दर्दनाक हादसा पेश आया है, जहां ईंटों से लदे ट्रक की चपेट में आने से दो युवकों की जान चली गई है। हादसे की सूचना मिलते ही श्री रेणुकाजी थाने से टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

जानकारी के मुताबिक, हादसा महीपुर के पास चलाना-नेहरसवार सड़क पर सुबह साढ़े सात बजे के आसपास हुआ। बताया जा रहा है कि ईंटों से लदा ट्रक नेहरसवार की ओर जा रहा था। चलाना के पास बाइक और ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई।

इस दुर्घटना में हसन (21) पुत्र इब्राहिम और फारुख (20) पुत्र सैफ निवासी आंजी बाइक समेत ट्रक की चपेट में आ गए। बताया जा रहा है कि दोनों चचेरे भाई थे, जो दिहाड़ी मजदूरी के लिए बाइक पर घर से निकले थे।

हादसे की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस की टीम हादसे की जांच में जुटी है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए ददाहू अस्पताल भेज दिया है। हादसे की पुष्टि एसपी रमन कुमार मीणा ने की है।