HNN/पांवटा साहिब
जिला सिरमौर में उपमंडल पांवटा साहिब के मिश्रवाला में घर से एक बुजुर्ग महिला का शव बरामद हुआ है। मृतका की पहचान 67 वर्षीय लाजवंती चौहान के रूप में हुई है। बता दें शव चार से पांच दिन पुराना लग रहा है। पुलिस ने फोरेंसिक टीम की जांच से पहले शव को न छेड़ने का निर्णय लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम एक पूर्व प्रधान महिला को मिलने गया था। इस दौरान घर की लाइट बंद थी। तो पूर्व प्रधान ने जाली के दरवाजे से अंदर देखा, तभी उन्होंने महिला को संदिग्ध हालत में देखा। जिसके बाद उन्होंने तुरंत ही इसकी सूचना पुलिस थाना माजरा को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखा और शव को मौके पर ही रखा है, साथ ही महिला के घर पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती भी की। फोरेंसिक टीम की जांच के बाद ही शव को पोस्टमार्टम के लिए नाहन मेडिकल कॉलेज भेजा जाएगा। पांवटा साहिब के डीएसपी मानविंदर ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा।

