मौके पर पकड़े अवैध खनन करते जेसीबी मशीन, ट्रक व ट्रैक्टर, वसूला जुर्माना
HNN/पांवटा साहिब
जिला सिरमौर के उपमंडल पांवटा साहिब में वन विभाग ने गिरि नदी के किनारे छापेमारी कर अवैध माइनिंग को लेकर बड़ी कार्यवाही की है। इस दौरान वन विभाग की टीम ने अवैध खनन करते जेसीबी मशीन, ट्रक व ट्रैक्टर को मौके पर पकड़ा है।
जिसके बाद वन विभाग की टीम ने वाहन संचालकों पर कार्यवाही करते हुए इनसे 65,325 रुपए जुर्माना राशि के रूप में वसूल की। इस कार्यवाही के दौरान पांवटा साहिब व भगानी की संयुक्त टीम में प्रवीण कुमार, रतन शर्मा, रणबीर सिंह, संदीप कुमार व चौकीदार भगवान सिंह शामिल रहे।
बता दें कि वन विभाग की टीम ने पुरुवाला राजबन क्षेत्र में नाका लगाया था। जिस दौरान टीम ने नदी किनारे अवैध खनन को अंजाम दे रहे वाहनों को मौके पर पकड़ा। डीएफओ पांवटा साहिब ऐश्वर्य राज ने मामले की पुष्टि की है।