मौसम साफ, होटलों में वीकेंड के लिए एडवांस बुकिंग शुरू, बारिश के चलते ठप हो गया था पर्यटन कारोबार
HNN/ शिमला
प्रदेश में पिछले दिनों से लगातार जारी बारिश के बाद इस वीकेंड पर मौसम साफ होने से पर्यटकों ने प्रदेश का रुख करना शुरू किया है। पर्यटन विभाग की माने तो जुलाई माह से लगातार जारी बारिश के चलते पर्यटन कारोबार को करोड़ों को नुकसान हुआ है। बता दें सितंबर के पहले वीकेंड पर प्रदेश के पर्यटन स्थलों पर 35 से 40 फीसदी तक कमरे बुक रहे।
शिमला में 25 से 30, चायल में 35, कसौली में 40 से 50 फीसदी कमरे बुक रहे। किन्नौर के और लाहौल-स्पीति में भी कमरों की बुकिंग में इजाफा हुआ है। इस हफ्ते वीकेंड पर छुट्टियों के चलते पर्यटन सीजन के रफ्तार पकड़ने की संभावना है। सितंबर माह के दूसरे वीकेंड के लिए शिमला, नारकंडा, कसौली, चायल, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में सैलानियों ने वीकेंड के लिए कमरों की बुकिंग शुरू कर दी है।
अभी पर्यटन कारोबार पटरी पर लौटने में वक्त लगेगा। मानसून सीजन के बाद ही कहीं पर्यटन कारोबार गति पकड़ सकता है। प्रदेश में लगातार जारी बारिश के चलते पर्यटन कारोबार ठप हो गया है। फेडरेशन ऑफ हिमाचल होटल एंड रेस्टोरेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष गजेंद्र ठाकुर का कहना है कि बारिश का दौर थमते ही शिमला में सैलानियों की चहल-पहल शुरू हो गई है।
