यात्रियों से भरी एचआरटीसी बस की ब्रेक हुई फेल, चालक की होशियारी से टला हादसा
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे है। प्रदेश में आए दिन कई सड़क हादसे देखने को मिल रहे है। ताजा मामला राजधानी शिमला में जाठियां देवी के समीप का है, यहां यात्रियों से भरी एक एचआरटीसी बस की ब्रेक फेल हो गई। हालांकि चालक की होशियारी से आज यह बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के मुताबिक, एचआरटीसी की बस शिमला से ममलीग जा रही थी। इस दौरान जैसे ही बस जाठियां देवी के पास पहुंची तो अचानक ही बस की ब्रेक फेल हो गई। ब्रेक फेल होते ही चालक बस से संतुलन खो बैठा, जिस कारण चालक ने होशियारी से बस पर नियंत्रण पाकर वाहन को मलबे पर चढ़ा दिया।
हालांकि गनीमत यह रही कि हादसे में किसी तरह का कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ है। बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित है। वहीं इस घटना के बाद बस में सवार सभी यात्री एक-एक करके बस से नीचे उतरे। जिसके बाद यात्रियों ने चालक-परिचालक के साथ मिलकर बस को धक्का देकर मलबे से सड़क पर निकला।